प्यार का झांसा, फर्जी दरोगा और 22.5 लाख की ठगी... बरेली की महिला टीचर को धोखे का बड़ा झटका
बरेली की एक शिक्षिका को मेट्रोमोनियल साइट पर मिले युवक ने खुद को दरोगा बताकर शादी का नाटक किया और 22.5 लाख रुपये प्लॉट-फैक्ट्री के नाम पर ठग लिए। आरोपी पहले से शादीशुदा निकला।
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक महिला शिक्षिका के साथ प्रेम-विवाह के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी (दारोगा) बताकर महिला का भरोसा जीता और शादी का नाटक रचकर करीब 22.5 लाख रुपये हड़प लिए।
शिक्षिका की मुलाकात एक मेट्रोमोनियल वेबसाइट पर उत्तराखंड के काशीपुर निवासी रितिक कंबोज से हुई। शुरुआत में सामान्य बातचीत से शुरू होकर दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई। रितिक ने खुद को दरोगा बताया, जिससे महिला को उस पर पूरा भरोसा हो गया। कुछ समय बाद रितिक ने शादी का प्रस्ताव रखा और शिक्षिका तैयार हो गईं।
शादी के लिए रितिक बरेली आया और महिला को गाजियाबाद ले गया, जहां आर्य समाज मंदिर में दोनों की शादी कर दी गई। शादी के बाद रितिक महिला को बरेली छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने काशीपुर में मकान खरीदने का बहाना बनाकर महिला से 10 लाख रुपये मांगे। महिला ने भरोसे में आकर पैसे ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिनों बाद उसने चाचा की फैक्ट्री लगाने के नाम पर ढाई लाख रुपये और मांगे। इस तरह कुल 22.5 लाख रुपये महिला से वसूल कर लिए गए।
जब महिला को मकान की रजिस्ट्री न होने पर शक हुआ तो रितिक बहाने बनाने लगा। जांच करने पर महिला को सबसे बड़ा धक्का लगा जब पता चला कि रितिक पहले से ही शादीशुदा है। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और पिस्टल दिखाने की भी शिकायत है।
महिला ने आखिरकार हिम्मत करके बरेली के बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस रितिक कंबोज की तलाश में जुटी हुई है।