नई दिल्ली: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को लेकर अच्छी खबर आई है। डीएनडी फ्लाईवे से जैतपुर तक का करीब 9 किलोमीटर लंबा हिस्सा बनकर तैयार हो गया है। उम्मीद है कि अगले महीने जून 2026 में इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इस खंड के शुरू होने से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और जयपुर जाने वाले लोगों को काफी फायदा मिलेगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को इस नवनिर्मित खंड का हवाई और जमीनी दौरा करेंगे। निरीक्षण के बाद उद्घाटन का प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा जाएगा।

कई शहरों को होगा सीधा लाभ इस नए रूट से पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, पलवल, सोहना और जयपुर के बीच सफर आसान और तेज हो जाएगा। पहले जहां घंटों जाम में फंसना पड़ता था, अब समय की काफी बचत होगी।

डिजाइन में बदलाव से पूरा हुआ काम इस प्रोजेक्ट को मूल रूप से सितंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन आगरा कैनाल पर पिलर बनाने को लेकर सिंचाई विभाग की आपत्ति के चलते डिजाइन बदलना पड़ा। NHAI ने 130 मीटर लंबा पिलर-रहित स्टील आर्च ब्रिज बनाया। इससे लागत भले ही बढ़ गई, लेकिन काम जून 2026 से पहले पूरा हो गया। फिलहाल स्ट्रीट लाइट, रोड मार्किंग का काम हो चुका है, सिर्फ सिक्योरिटी कैमरे लगाने बाकी हैं।

दिल्ली से मुंबई सिर्फ 12 घंटे में पूरी 1,380 किलोमीटर लंबी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चालू होने पर दिल्ली से मुंबई का सफर मात्र 12 घंटे में तय किया जा सकेगा, जबकि दिल्ली से जयपुर का यात्रा समय सिर्फ ढाई घंटे रह जाएगा।