‘मेरा बेटा बलि का बकरा बना’… सूर्या की हत्या पर मां का छलका दर्द, परिवार ने की मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर की मांग
गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में युवक सूर्या चौहान की बकरीद के दिन बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिवार और हिंदू संगठनों ने मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर तक शव का अंतिम संस्कार न करने का फैसला लिया।
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा कॉलोनी में एक युवक सूर्या चौहान की निर्मम हत्या का मामला लगातार तनाव बढ़ा रहा है। हत्या के बाद परिवार ने शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से मना कर दिया। मां का कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर नहीं हो जाता, तब तक उनका बेटा अंतिम यात्रा पर नहीं जाएगा।
परिवार ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान स्थानीय हिंदू संगठनों ने भी आक्रोश जताया और असद के घर पर बुलडोजर चलाने तथा उसके एनकाउंटर की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने की कुछ मांगें मानने की घोषणा पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने परिवार को समझाने की कोशिश की। बाद में परिवार की कई मांगों को स्वीकार कर लिया गया। इनमें मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान, सुरक्षा के लिए पुलिस तैनाती और शस्त्र लाइसेंस शामिल हैं।
घटना क्या है? बताया जा रहा है कि बकरीद के दिन आरोपी असद ने सूर्या को अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ मारपीट कर हत्या कर दी। हत्या से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी सूर्या को घेरकर खड़े दिख रहे हैं। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अन्य को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी असद सहित कुछ लोग अभी फरार हैं।
इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। हिंदू संगठनों के आंदोलन की आशंका के चलते सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
सूर्या की डेड बॉडी अब अंतिम संस्कार के लिए गाजीपुर मोक्षधाम की ओर ले जाई जा रही है। पूरा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।