गुरुग्राम: शादी बचाने के टोटके नाकाम, पति की जासूसी और प्रताड़ना से टूटी जागृति ने मॉल से लगाई छलांग
गुरुग्राम में 13 मई को सेक्टर-65 वर्ल्डमार्क मॉल से कूदकर जागृति नाम की महिला ने आत्महत्या कर ली। प्रेम विवाह के बाद पति अमित सिंघल और ससुराल पक्ष की लगातार शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना और डिजिटल निगरानी से परेशान थी। एस्ट्रोलॉजर से मदद मांगने के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी।
गुरुग्राम: एक प्रेम विवाह जो सपनों की शुरुआत था, अंत में मानसिक और शारीरिक यातनाओं का सिलसिला बन गया। 13 मई को सेक्टर-65 स्थित वर्ल्डमार्क मॉल की पांचवीं मंजिल से जागृति नाम की महिला ने छलांग लगा दी। ऑफिस में अटेंडेंस लगाने के तुरंत बाद हुई इस घटना में मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रेम विवाह के बाद शुरू हुई परेशानी जागृति ने 22 नवंबर 2023 को मेरठ के चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित सिंघल से लव मैरिज की थी। अंतरजातीय शादी होने के कारण अमित के परिवार वाले शुरू से ही इस रिश्ते के खिलाफ थे। शादी के बाद जागृति को लगातार ताने, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उसके भाई हार्दिक ने पुलिस को बताया कि ससुराल वाले उसे बुरी तरह पीटते थे, जिसके निशान उसके शरीर पर साफ दिखते थे। कुछ दिन पहले उसने चोटों की तस्वीरें अपनी बहन को भेजी थीं, जो अब पुलिस के पास सबूत के रूप में हैं।
24 घंटे की डिजिटल जासूसी पति अमित सिंघल अपनी पत्नी पर अत्यधिक शक करता था। वह लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक करता, कॉल डिटेल्स चेक करता और व्हाट्सएप चैट्स की निगरानी रखता था। इस लगातार निगरानी और धमकियों ने जागृति को गहरे डिप्रेशन में धकेल दिया।
एस्ट्रोलॉजर से उम्मीद परेशानी बढ़ने पर जागृति ने शादी बचाने के लिए एक ज्योतिषी से संपर्क किया। वह छिपकर ज्योतिषी से बात करती और शादी सुधारने के उपाय पूछती। पूजा-पाठ और टोटकों की सलाह के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी। आखिरकार हताशा के चलते उसने यह कदम उठा लिया।
पुलिस कार्रवाई पुलिस ने मामले में पति अमित सिंघल को गिरफ्तार कर लिया है। मोबाइल और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। पूछताछ में आगे और खुलासे होने की संभावना है।