लखनऊ: उत्तर प्रदेश में हाल में हुई कई आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्षी दलों ने योगी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त बताते हुए सरकार पर निशाना साधा।

इमरान मसूद ने कहा कि यूपी में कोने-कोने में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “एनकाउंटर प्रदेश” बना रही है, लेकिन एनकाउंटर भी जाति और धर्म देखकर किए जा रहे हैं।

इमरान मसूद का बयान मसूद ने कहा, “जब तक अपराधियों को बिना किसी भेदभाव के अपराधी की नजर से नहीं देखा जाएगा, तब तक स्थिति नियंत्रण में नहीं आएगी। रंगदारी के मामले बढ़ रहे हैं। जिसका बेटा मारा गया, वो खुद कह रहा है कि पैसे मांगने पर हत्या हुई। कानून का राज कायम होना चाहिए, लेकिन फिलहाल स्थिति हाथ से निकलती जा रही है।”

सपा का पेपर लीक पर हमला दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन ने पेपर लीक के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि विभिन्न परीक्षाओं के पर्चे लीक होने के बावजूद सरकार अभ्यर्थियों की बात नहीं सुन रही है। एक 12वीं के छात्र को पाकिस्तानी कहकर बदनाम किया गया, जो बेहद दुखद है।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए थी, उन्हें इनाम दिए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों में गुस्सा बढ़ रहा है और विपक्ष इस मुद्दे को लगातार उठा रहा है।

विपक्षी दलों के इन हमलों से यूपी में कानून व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।