खतौली। दिल्ली निवासी अमन शर्मा हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर वापस लौट रहे थे। यात्रा के दौरान खतौली में रुकने के समय उनका मोबाइल कहीं छूट गया। कुछ दूरी आगे निकलने के बाद उन्हें मोबाइल पास में नहीं होने का पता चला। मोबाइल खो जाने की आशंका में उन्होंने अपना सिम भी बंद करा दिया।

इसी बीच देर रात मोबाइल समाजसेवी विवेक रहेजा के पास पहुंचा। मोबाइल के वास्तविक मालिक तक पहुंचने के लिए उन्होंने काफी प्रयास किया। सिम बंद होने के बावजूद विवेक रहेजा ने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में लगाई और अलग-अलग माध्यमों से जानकारी जुटाकर आखिरकार मोबाइल के मालिक अमन शर्मा से संपर्क करने में सफल रहे।

मोबाइल मिलने की जानकारी के बाद अमन शर्मा उसे लेने खतौली पहुंचे। इसके बाद समाजसेवी विवेक रहेजा, LIC एनिमल के संस्थापक पुनीत अरोरा के साथ खतौली थाने पहुंचे। वहां इंस्पेक्टर दिनेश बघेल की मौजूदगी में मोबाइल अमन शर्मा को वापस सौंप दिया गया।

मोबाइल वापस मिलने पर अमन शर्मा ने राहत की सांस ली और मोबाइल तलाशने तथा उसे सुरक्षित रखने के लिए विवेक रहेजा का आभार जताया।

इस अवसर पर विवेक रहेजा ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद करना उनकी हमेशा से प्राथमिकता रही है। उनके अनुसार किसी व्यक्ति की खोई हुई वस्तु को उसके मालिक तक पहुंचाना भी समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक छोटा प्रयास है।

विवेक रहेजा ने यह भी बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान खतौली बाईपास पर एक घायल हरियाणा निवासी कांवड़िया को सड़क से सुरक्षित किनारे किया गया था और उसे CPR सहित हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया था।

इसके अलावा जानसठ तिराहे पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर छोटा केदारनाथ और पुलिस चौकी पर कांवड़ यात्रा के दौरान सजावट तथा रोशनी की व्यवस्था भी कराई गई थी, ताकि कांवड़ियों के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी बेहतर सुविधा मिल सके।