मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक दिल दहला देने वाली हत्या का खुलासा हुआ है। 20 साल की एक छात्रा ललिता पिछले तीन दिनों से लापता थी। परिवार ने बताया कि वह एग्जाम देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

शनिवार को परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को रोहटा थाना क्षेत्र के एक खेत में युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और परिवार के बताए संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।

पूर्व प्रेमी ने की हत्या पुलिस पूछताछ में आरोपी अंकुश ने हत्या का अपराध कबूल लिया। उसने बताया कि ललिता से उसके लंबे समय से प्रेम संबंध थे। कुछ दिनों से उसे शक हो गया था कि ललिता किसी दूसरे युवक से बातचीत कर रही है। इसी गुस्से और शक में उसने युवती की हत्या कर दी।

पुलिस की कार्रवाई मेरठ के SSP अविनाश पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मामले को सुलझाने के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया गया था। स्वाट और सर्विलांस टीम भी सक्रिय रही। परिवार और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद अंकुश को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में सब कुछ स्वीकार कर लिया।

परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया था, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच जारी है।