मुजफ्फरनगर में 6.81 करोड़ के GST घोटाले का खुलासा, फर्जी फर्म बनाकर लिया टैक्स क्रेडिट
मुजफ्फरनगर पुलिस ने करोड़ों रुपये के GST घोटाले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी फर्म के जरिए करोड़ों का इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने का आरोप है।
मुजफ्फरनगर में करोड़ों रुपये के GST घोटाले का मामला सामने आया है। पुलिस ने बोगस फर्म के जरिए फर्जी टैक्स क्रेडिट लेने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब छह महीनों से फरार बताया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, राज्य वस्तु एवं सेवाकर विभाग की एसआईबी टीम ने वर्ष 2025 में फर्जी फर्मों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान मदीना कॉलोनी, सरवट निवासी मोहम्मद समीर की फर्म “सनराइज एंटरप्राइजेज” जांच के दायरे में आई।
आरोपी ने दस्तावेजों में पुराने फ्रिज, वाशिंग मशीन और इलेक्ट्रॉनिक सामान के कारोबार को दर्शाया था। जांच के दौरान सामने आया कि जनवरी से मई 2025 के बीच फर्म ने करोड़ों रुपये का कारोबार दिखाया और लाखों रुपये टैक्स जमा करने का दावा किया।
एसआईबी अधिकारियों की जांच में पता चला कि जून 2025 के दौरान फर्म द्वारा वास्तविक रूप से कोई सामान नहीं खरीदा गया था। इसके बावजूद फर्जी बिलों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ लिया गया।
विभागीय जांच के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान कुल 6.81 करोड़ रुपये के फर्जी ITC का क्लेम किया गया, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने शनिवार को आरोपी को पंडित दीन दयाल कॉलोनी मार्ग स्थित वेदांता फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले में कर विभाग और पुलिस अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।