ओडिशा के कटक शहर में स्थित प्रसिद्ध SCB मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में सोमवार तड़के एक भयानक हादसा हुआ। अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट के ICU में लगी आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। इस घटना में कम से कम 10 मरीजों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। आग संभवतः विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे धुआं तेजी से फैल गया और वेंटिलेटर पर थे मरीजों को निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया।
बचाव अभियान में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ ने जान जोखिम में डालकर मरीजों को बाहर निकाला, लेकिन इस दौरान 11 से ज्यादा कर्मचारी भी झुलस गए। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तुरंत कटक पहुंचे। उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया, घायलों से मुलाकात की और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही घायल मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
यह हादसा अस्पतालों में सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन जांच कर रहा है कि आग कैसे लगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना।