सासाराम स्टेशन पर पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में लगी जोरदार आग, एक बोगी जलकर हुई राख
सासाराम जंक्शन पर सोमवार सुबह सासाराम से पटना जाने वाली फास्ट पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी गड़बड़ी को वजह बताया जा रहा है। रेलवे टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जल गई बोगी को अलग कर दिया।
बिहार के रोहतास जिले में सासाराम रेलवे जंक्शन पर सोमवार की सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। सासाराम से पटना जाने वाली फास्ट पैसेंजर ट्रेन (ट्रेन नंबर 53212) की एक जनरल बोगी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरी बोगी आग की चपेट में आ गई और जलकर राख हो गई। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे अन्य डिब्बों को नुकसान पहुंचने से बचाया जा सका।
डीडीयू रेल डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। रेलवे प्रशासन ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट्स में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को माना जा रहा है।
यात्रियों की प्रतिक्रिया घटना के चश्मदीद यात्रियों ने बताया कि अगर ट्रेन में समय रहते आग बुझाने के उपकरण और पानी की व्यवस्था होती तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था। शुरुआती मिनटों में ही आग पर काबू नहीं पा सके, जिसके चलते बोगी पूरी तरह जल गई। यात्रियों में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई की। फिलहाल ट्रेन की बाकी सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। रेलवे अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट जारी होने की उम्मीद है।