महाराष्ट्र के अमरावती शहर में लड़कियों के यौन शोषण की घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया है। पुलिस जांच में बड़ा राज खुला कि मुख्य आरोपी अयान अहमद और उजैर खान के बीच एक अनौपचारिक प्रतियोगिता चल रही थी। दोनों यह देख रहे थे कि कौन अधिक लड़कियों को अपने जाल में फंसा पाएगा। अयान लड़कियों के साथ अनुचित हरकतों के वीडियो रिकॉर्ड करता और इन्हें उजैर को भेजता था।

कुछ समय बाद दोनों के बीच धन को लेकर बहस हो गई। गुस्से में उजैर ने अयान के सभी आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर फैला दिए। यही लीक इस पूरे कांड का पर्दाफाश करने का कारण बनी, जिससे पुलिस को सुराग मिला।

अयान कैसे बहकाता था लड़कियों को?

पूछताछ में पता चला कि अयान के पिता पुरानी कारों की खरीद-बिक्री का धंधा चलाते हैं। अयान इन वाहनों के साथ अपनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डालता था, ताकि अमीर और आकर्षक लगे। वह पिछले दो साल से प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय था। पिछले छह महीनों में कई लड़कियों से चैट शुरू की, फिर मिलने का बहाना बनाकर शोषण किया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

फ्लैट सील, जांच तेज

पुलिस ने बताया कि वीडियो चार से छह महीने पुराने हैं। कठोरा नाका क्षेत्र के जिस अपार्टमेंट में ये वारदातें हुईं, उसे सील कर दिया गया। आगे तफ्तीश के लिए आरोपियों को वहां ले जाया जा सकता है। अपार्टमेंट मालिक से भी सवाल-जवाब होगा, संलिप्तता मिली तो कार्रवाई होगी।

शुरुआती जांच में 8 पीड़ित लड़कियां चिह्नित हुईं, जिनसे जुड़े 18 वीडियो और 39 तस्वीरें बरामद। पुलिस को संदेह है कि संख्या बढ़ सकती है। कुल 8 आरोपी गिरफ्तार। एसपी विशाल आनंद ने कहा कि हर कोण से तहकीकात हो रही है, दोषियों को कड़ी सजा दिलाएंगे।