बिहार के गोपालगंज जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक युवक को दुबई में उड़ते विमान की फोटो लेने और सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है।

मामला क्या है? गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रफी इंदरवा गांव निवासी अमीरुल मियां के बेटे वसीम अकरम करीब 22 महीने पहले बेहतर रोजगार की तलाश में दुबई गए थे। वहां से वह नियमित रूप से परिवार को आर्थिक सहयोग भेजते थे।

बताया जा रहा है कि अमेरिका-इजरायल-ईरान तनाव के दौरान वसीम ने अनजाने में एक उड़ते विमान की तस्वीर अपने मोबाइल से खींच ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। नमाज पढ़ने के लिए बाहर निकलते समय रसल खैमा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दुबई की अदालत ने इस घटना को देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला मानते हुए वसीम अकरम को 10 साल की सजा सुना दी।

परिवार की अपील सजा की खबर मिलते ही पूरे परिवार पर सन्नाटा छा गया। वसीम के परिजनों ने गोपालगंज जिला प्रशासन से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी और अपने बेटे को भारत वापस लाने में मदद करने की गुहार लगाई है।

जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी है तथा वसीम की शीघ्र स्वदेश वापसी के लिए आवश्यक कार्रवाई की सिफारिश की है।

यह घटना उन प्रवासी भारतीय युवकों के लिए चेतावनी का विषय है जो विदेश में छोटी-छोटी गलतियों को लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई का शिकार हो जाते हैं।