जम्मू के कटरा इलाके में हुई एक भीषण दुर्घटना ने मुजफ्फरनगर के रामपुरी क्षेत्र के पांच परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कुछ अन्य घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और हर आंख नम हो गई।

शुक्रवार को बिजनौर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चंदन सिंह चौहान और पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र से कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार रामपुरी पहुंचे। उन्होंने शोकग्रस्त परिवारों से मिलकर गहरी संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

सांसद चंदन सिंह चौहान ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तुरंत बातचीत की और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं एसएसपी संजय कुमार वर्मा को भी मौके पर बुलवाया। उन्होंने जम्मू के अधिकारियों से बातचीत कर शवों को जल्द से जल्द मुजफ्फरनगर पहुंचाने और घायलों के इलाज के बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

चौहान ने कहा, “यह बेहद दुखद और पीड़ादायक हादसा है। हम इन परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेंगे। सरकार और प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है। मैं खुद जम्मू प्रशासन से संपर्क में हूं ताकि आवश्यक कदम तुरंत उठाए जा सकें।”

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने भी परिवारों से मुलाकात कर कहा, “यह एक अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री तक यह जानकारी पहुंचा दी गई है और सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ हर प्रभावित परिवार की मदद करेगी।”

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के बाद प्रशासन ने भी राहत कार्य तेज कर दिए और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। गांव में सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्र होकर मृतकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।