मुजफ्फरनगर में सावन माह के पहले दिन एक महिला के साथ दिनदहाड़े झपटमारी की घटना सामने आई है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में मंदिर से पूजा-अर्चना कर घर लौट रही महिला के कानों से बाइक सवार दो बदमाश सोने के कुंडल झपटकर फरार हो गए। घटना के दौरान महिला के कान में चोट भी आई, जिसके बाद उसे उपचार कराना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपी पहले से ही सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े थे। एक युवक मोटरसाइकिल चालू रखकर हेलमेट पहने इंतजार करता रहा, जबकि उसका साथी महिला के पीछे पहुंचा और अचानक दोनों कानों से कुंडल खींच लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान सामने आया कि पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्षेत्राधिकारी नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के जल्द खुलासे के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी है।