मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने की। इस दौरान कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन, सुरक्षा प्रबंधन और विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा मार्ग पर सुपर जोनल, जोनल, सब-जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है और सभी संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा योजना लागू की जाएगी।

प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। इसके लिए पूरे कांवड़ मार्ग को अलग-अलग जोन और सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर 24 घंटे CCTV कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने, ट्रैफिक डायवर्जन योजना का सख्ती से पालन कराने तथा सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को सभी कांवड़ मार्गों को गड्ढामुक्त रखने, अवैध कट बंद करने और नगर निकायों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से नहर किनारे स्थित कांवड़ मार्गों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह धार्मिक आयोजन सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, भाजपा नेता अभिषेक चौधरी, अचिंत मित्तल, अशोक बालियान माजरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।