खतौली में 20 हजार इनामी बदमाश शाहिद को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, पैर में लगी गोली
मुजफ्फरनगर के खतौली में पुलिस टीम ने मंगलवार रात संदिग्ध युवक को चेकिंग के दौरान रोका। आरोपी ने फायरिंग की तो जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। भैंस लूट समेत कुल 8 मुकदमों में वांछित शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुजफ्फरनगर जिले के खतौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एक बड़े ऑपरेशन में 20 हजार रुपए इनामी अपराधी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खतौली थाना टीम इलाके में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। रात करीब 11 बजे अलकनंदा नहर की पटरी पर एक संदिग्ध युवक नजर आया। जब पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया तो वह भागने की कोशिश करने लगा और पुलिस पर गोली चला दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।
आरोपी की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खिवाई गांव निवासी शाहिद पुत्र आबिद के रूप में हुई है। उसके कब्जे से पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और भैंस लूट से जुड़े 2600 रुपए बरामद किए हैं।
भैंस लूट का पूरा मामला
12 जून की रात रसूलपुर कैलोरा गांव के सुखपाल सिंह पुत्र चरण सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने उनके घर में घुसकर उन्हें और उनके बेटे को बंधक बनाया और दो भैंसों व उनके बच्चों को लूटकर ले गए। इस मामले में शाहिद समेत अन्य आरोपी वांछित थे।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की। टीम की लगातार छानबीन के चलते 19 जून को उस्मान और 20 जून को फैजान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। शाहिद फरार था, जिसकी तलाश अब खत्म हो गई।
आरोपी पर 8 मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शाहिद पर लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में मेरठ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। उसके सिर पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी कमल किशोर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार बालियान, उपनिरीक्षक धर्मवीर कर्दम, अनिल तौमर, अनवर अली, ललित तोमर, संजय तोमर, हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह, मनीष कुमार, नीरज त्यागी, मुनीश शर्मा, शीतल देव, विकास कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार और सोबीर तेवतिया शामिल रहे।
सीओ खतौली रूपाली राय ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।