ट्रैफिक जाम से निजात के लिए UP सरकार का नया प्लान: 20 शहरों में स्कूल-ऑफिस की छुट्टी अब अलग-अलग समय पर
उत्तर प्रदेश में बढ़ते ट्रैफिक कंजेशन को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने नई व्यवस्था शुरू की है। अब लखनऊ सहित 20 शहरों में स्कूल, कॉलेज और दफ्तरों की छुट्टी एक साथ नहीं होगी। 15 मिनट के अंतराल से टाइमिंग तय करने से पीक ऑवर्स में राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में रोजाना होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए योगी सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। अब राज्य के 20 प्रमुख शहरों में स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी-निजी दफ्तरों की छुट्टी का समय एक साथ नहीं रखा जाएगा। इसके बजाय विभिन्न संस्थानों की टाइमिंग को 15 मिनट के अंतराल पर तय किया जाएगा, ताकि सुबह और शाम के पीक आवर्स में सड़कों पर एक साथ वाहनों की भीड़ न बढ़े।
यह योजना मुख्य रूप से लखनऊ, नोएडा, कानपुर, वाराणसी, आगरा, गाजियाबाद और अन्य बड़े शहरों पर फोकस करती है। उत्तर प्रदेश पुलिस की ‘सिटी-रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन’ (C-RTC) स्कीम के तहत यह पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। योजना के अंतर्गत 172 प्रमुख रूट्स को चिन्हित किया गया है जहां ट्रैफिक फ्लो को बेहतर बनाने के लिए डेटा आधारित और AI मदद से निगरानी की जाएगी।
पुलिस विभाग के मुताबिक, स्कूल और ऑफिस टाइमिंग में यह अंतराल सुबह की स्कूल ओपनिंग और दोपहर की छुट्टी के समय सबसे ज्यादा असरदार साबित होगा। जब सभी स्कूल एक ही समय पर छूटते हैं तो अभिभावकों की गाड़ियां और बसें एक साथ निकलती हैं, जिससे जाम लग जाता है। नई व्यवस्था से यह दबाव बंट जाएगा और यात्रा का समय भी कम होने की संभावना है।
सरकार का लक्ष्य है कि चिन्हित रूट्स पर पीक ऑवर्स में यात्रा का समय कम से कम 20 प्रतिशत तक घटाया जाए। इसके लिए रूट मैनेजर भी नियुक्त किए जा रहे हैं जो स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक मैनेजमेंट देखेंगे।
जुर्माना का प्रावधान
नई गाइडलाइन का पालन न करने वाले स्कूल प्रबंधन, कॉलेज या ऑफिस पर सख्ती बरती जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मौजूदा मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। सामान्य ट्रैफिक उल्लंघनों के लिए 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक का फाइन हो सकता है, जबकि बार-बार उल्लंघन पर राशि और बढ़ाई जा सकती है।
यह कदम शहरों में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए उठाया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि स्टैगर्ड टाइमिंग सिस्टम कई बड़े शहरों में पहले भी सफल साबित हो चुका है।
पुलिस ने सभी संबंधित स्कूलों और संस्थानों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे अपनी नई टाइमिंग जल्द से जल्द अपडेट करें। अभिभावकों और छात्रों को भी इस बदलाव की जानकारी दी जा रही है ताकि कोई असुविधा न हो।
ट्रैफिक जाम न सिर्फ समय बर्बाद करता है बल्कि प्रदूषण और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाता है। इस नई व्यवस्था से अगर अपेक्षित राहत मिली तो इसे आगे और शहरों में बढ़ाया जा सकता है।